Crime news: नशे की लत में सस्पेंडेड आरक्षक ने दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर में की चोरी, तीन गिरफ्तार

Crime news: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नशे की लत पूरी करने के लिए एक निलंबित पुलिस आरक्षक ने अपने ही घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। इस वारदात में उसके दो दोस्त भी शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल बुलेट बाइक बरामद कर ली है।
Crime news: क्या है पूरा मामला
सकरी स्थित सागरदीप कॉलोनी की रहने वाली वृंदावती मिश्रा तीज का त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव रीवा गई हुई थीं। जब वह बिलासपुर वापस लौटीं, तो कमरे की अलमारी और लॉकर का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थे, जिसके बाद उन्होंने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
Crime news: जांच में बेटा ही निकला आरोपी
मामले की जांच के दौरान पुलिस को किसी करीबी पर शक हुआ। महिला के 31 वर्षीय बेटे आशीष मिश्रा की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जो चोरी के समय घर पर ही मौजूद था। कड़ाई से पूछताछ करने पर आशीष टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में सामने आया कि आशीष को घर में रखे जेवर और नकदी की पूरी जानकारी थी। उसने अपने साथी सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना (27 वर्ष) और अनुराग चौधरी उर्फ लालू (23 वर्ष) के साथ मिलकर चोरी का षड्यंत्र रचा था।
Crime news: अनुकंपा पर मिली थी नौकरी, नशे की आदत ने बनाया चोर
सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा को अपने पिता के निधन के बाद पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। हालांकि, कार्य में लापरवाही और नशे की लत के कारण उसे निलंबित कर दिया गया था। नशे की लत को पूरा करने के लिए ही उसने अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
Crime news: तीनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने पहले भी ऐसी किसी वारदात को अंजाम दिया है।
