Rewa news; रीवा न्यायालय परिसर की सुरक्षा की खुली पोल: पुलिस चेक पोस्ट के सामने युवती ने बनाई ‘रप्पा-रप्पा काटने’ वाली रील, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Rewa news: रीवा जिले का नवनिर्मित एवं अत्याधुनिक ‘जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर’ इन दिनों न्याय व्यवस्था की जगह सोशल मीडिया रील्स शूटिंग को लेकर एकाएक सुर्खियों में आ गया है। जहां एक ओर न्यायालय परिसर की सुरक्षा को लेकर कड़े दावों के बीच पुलिस बल की तैनाती की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर मुख्य द्वार और ‘पुलिस सुरक्षा-चेक पोस्ट’ के ठीक सामने एक युवती द्वारा बनाई गई रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस घटना ने रीवा पुलिस प्रशासन और कोर्ट सुरक्षा प्रबंधन के मुस्तैदी के दावों की हवा निकाल दी है।
‘रप्पा-रप्पा काटूंगी’— चेक पोस्ट के सामने खुलेआम दबंगई
इस्टाग्राम पर वायरल हो रहे इस वीडियो में युवती जिला एवं सत्र न्यायालय रीवा के प्रवेश द्वार और वहां स्थापित पुलिस सुरक्षा-चेक पोस्ट के ठीक सामने खड़े होकर रील बनाती नजर आ रही है। वीडियो में युवती द्वारा वीडियो में डायलॉग बजता है— “रीवा में लड़कों में खौफ नहीं है, रीवा की बेटियां बहुत खौफनाक हैं… रीवा में बाघिन पैदा होती हैं, समझे ना… रप्पा-रप्पा काटूंगी!”
अति-संवेदनशील क्षेत्र में कैसे हुई नियमों की अनदेखी
उल्लेखनीय है कि जिला न्यायालय परिसर अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र की श्रेणी में आता है, जहां सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होता है। प्रतिदिन यहां सैकड़ों की संख्या में न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता, पुलिस बल एवं आम फरियादी उपस्थित होते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिस चेकिंग पॉइंट के ठीक सामने बिना किसी रोक-टोक के वीडियो शूट हो जाना कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
क्या ड्यूटी से नदारद थी पुलिस
जिस स्थान पर यह वीडियो शूट किया गया, वहां ‘पुलिस सुरक्षा-चेक पोस्ट’ बनाया गया है जिसमे पुलिस कर्मियों की तैनाती भी रहती है सवाल यह है कि वीडियो बनाए जाने के दौरान तैनात सुरक्षाकर्मी कहां थे
सुरक्षा या महज औपचारिकता
यदि मुख्य द्वार पर ही इस प्रकार की लापरवाही बरती जा रही है, तो परिसर के आंतरिक हिस्सों की सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
