Rewa news: रीवा में पुलिस की नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी मोहल्ला से 1 किलो 50 ग्राम गांजे के साथ पुड़िया कारोबारी गिरफ्तार

Rewa news: रीवा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कबाड़ी मोहल्ला जयस्तंभ के पास में दबिश देकर गांजा की पुड़िया बनाकर बेचने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा और बिक्री के लिए तैयार की गई पुड़िया बरामद की गई हैं।
Rewa news: घर में छिपाकर रखी थी पुड़िया
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कबाड़ी मोहल्ला क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे की बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी गुलाब लोनिया पुत्र करण लोनिया के घर में दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से लगभग 1 किलो 50 ग्राम अवैध मादक पदार्थ और ग्राहकों को बेचने के लिए पहले से तैयार की गई छोटी-छोटी पुड़िया बरामद हुईं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गांजा लाकर उसकी ₹50-50 की पुड़िया बनाकर स्थानीय स्तर पर फुटकर में बेचता था।
Rewa news: एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुराना रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी गुलाब लोनिया के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज रह चुका है। पुलिस ने इस बार भी आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
Rewa news: बड़े सप्लायरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रीवा शहर में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पिछले चार दिनों में पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इन छोटी इकाइयों और पुड़िया विक्रेताओं से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है, ताकि शहर में नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके।
