Rewa news: जर्जर पुलिया की सड़क धंसी, बालू लदा हाइवा ट्रक फंसा, बड़ा हादसा टला

Rewa news: गूढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम इटार में एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। जर्जर हो चुकी पुलिया की सड़क पर अत्यधिक भार के साथ गुजर रहा बालू से लदा एक हाइवा ट्रक अचानक सड़क धंसने से उसमें फंस गया। ट्रक का पिछला पहिया धंसी हुई सड़क में धंस जाने से वाहन अनियंत्रित होने लगा, हालांकि चालक की तत्परता और किस्मत से ट्रक पलटने से बच गया।
Rewa news: स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया काफी समय से जर्जर अवस्था में थी, जिसकी मरम्मत के लिए कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका था। इसके बावजूद ध्यान न दिए जाने से भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान यह हादसा हुआ।
Rewa news: बड़ी दुर्घटना का खतरा टला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे नाले में गिर जाता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। गनीमत रही कि हादसे में चालक व परिचालक सुरक्षित हैं और कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।
प्रशासन से मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द धंसी हुई पुलिया की मरम्मत कराने और इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
