Mp news: आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: नगरीय क्षेत्र में दबिश देकर 150 किलो महुआ लहान नष्ट, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

Mp news: रीवा संभागीय उड़नदस्ता और जिला आबकारी की संयुक्त टीम ने कंपोजिट मदिरा दुकानों का किया सघन निरीक्षण, ग्राहकों को अवैध व जहरीली शराब के प्रति किया जागरूक
अनूपपुर। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और विक्रय पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा शनिवार को सख्त कार्रवाई की गई। आबकारी उपायुक्त (संभागीय उड़नदस्ता, रीवा) श्री माधव सिंह भायड़िया के आदेशानुसार रीवा संभागीय उड़नदस्ता और जिला अनूपपुर की संयुक्त टीम ने अनूपपुर नगरीय क्षेत्र में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लहान बरामद किया है।
कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने नगरीय क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए दो प्रकरण दर्ज किए। टीम ने वार्ड क्रमांक 1 निवासी संजन कोल के मकान से 120 किलोग्राम महुआ लहान और 4 लीटर अवैध मदिरा बरामद की। वहीं, दूसरी कार्रवाई में वार्ड क्रमांक 16 निवासी सीमा बाई के मकान की तलाशी लेने पर 30 किलोग्राम महुआ लहान और 5 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की गई। आबकारी दल ने बरामद कुल 150 किलो महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया और दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) (क) एवं (च) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
इसके पूर्व आबकारी टीम द्वारा अनूपपुर जिले की कंपोजिट मदिरा दुकान ‘अनूपपुर ए’ एवं ‘अनूपपुर बी’ का भी सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां मौजूद ग्राहकों से संवाद कर उन्हें केवल वैध और अधिकृत मदिरा दुकानों से ही शराब खरीदने के लिए जागरूक किया। टीम ने स्पष्ट किया कि अवैध ठिकानों से बिकने वाली मदिरा के नकली, मिलावटी और जहरीली होने की प्रबल आशंका रहती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में संभागीय उड़नदस्ता के सहायक जिला आबकारी अधिकारी अभिमन्यु पाठक, अनूपपुर जिले की सहायक जिला आबकारी अधिकारी संपतिया मरावी, आबकारी उप निरीक्षक कृष्ण कांत उइके, सहजू सिंह परस्ते, मुख्य आरक्षक महबूब अहमद खान, विक्रांत नामदेव तथा आरक्षक राघवेंद्र सिंह, ओमवीर सिंह और अमृत लाल साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
