Mp news: लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम में गरजे मुख्यमंत्री , सांसद को बताया AK47, विपक्ष पर साधा निशाना

Mp news: सांसद जनार्दन मिश्रा के देसी अंदाज का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने कहा कि अपनी देसी भाषा में किसी की भी खाट खड़ी करनी हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो, वे बिना रुके एके-47 की गोलियों की तरह धाराप्रवाह भाषण देते हैं। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि कभी-कभी वे जोश में हिट विकेट भी हो जाते हैं, तब उन्हें थोड़ा रुकने का इशारा करना पड़ता है, लेकिन यह सब चलता रहता है।
रीवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम के तहत आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दल और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की नादानियों और नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनके व्यवहार व आचरण के कारण देश की जनता में गहरा आक्रोश है। सभा में उमड़ा हजारों का जनसैलाब इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि देश और प्रदेश में राजनीतिक हवा किस दिशा में बह रही है।
मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सबसे पहले प्रभु श्रीरामचंद्र महाराज, संतों और उपस्थित मातृशक्ति व जनता का वंदन किया। इसके पश्चात उन्होंने मंच पर आसीन केंद्रीय एवं राज्य नेतृत्व का परिचय कराते हुए अपने चिर-परिचित चुटीले अंदाज में कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने भारत सरकार की मंत्री नीमूबेन बांभणिया के प्रभावशाली उद्बोधन की सराहना करते हुए जनता से तालियां बजवाईं। मंच पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, राज्य मंत्री डॉ. प्रतिमा बागरी और श्रीमती राधा सिंह भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
संबोधन के दौरान रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के देसी अंदाज का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने कहा कि अपनी देसी भाषा में किसी की भी खाट खड़ी करनी हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो, वे बिना रुके एके-47 की गोलियों की तरह धाराप्रवाह भाषण देते हैं। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि कभी-कभी वे जोश में हिट विकेट भी हो जाते हैं, तब उन्हें थोड़ा रुकने का इशारा करना पड़ता है, लेकिन यह सब चलता रहता है। इस दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद सांसद गणेश सिंह और डॉ. राजेश मिश्रा का भी अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता गिरीश गौतम, विधायक सिद्धार्थ तिवारी, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विधायक चतुर्वेदी, नरेंद्र प्रजाति, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता तथा वरिष्ठ नेता विजय दुबे भी मंचासीन रहे। वरिष्ठ नेता नागेंद्र सिंह की सक्रियता और ऊर्जा की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनमें आज भी 20 साल के नौजवान जैसी ताकत और उत्साह है।
संबोधन के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेमरिया क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मैदान में वही टिका रहता है जिसमें दम होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, आज नहीं तो कल वे फिर से जीत का परचम लहराएंगे और फतह हासिल करेंगे। मंचासीन कार्यक्रम के बाद मोहन यादव पैदल होते हुए कालेज चौक शिल्पी प्लाजा, होते हुए हुए पद्मधर पार्क से भोपाल के लिए हुये रवाना।
