SGMH: रीवा मेडिकल कॉलेज में भारी हंगामा: विभागाध्यक्ष डॉ. इंदुलकर को हटाने की मांग पर अड़े छात्र और डॉक्टर, आंतरिक जांच समिति गठित

SGMH: रीवा श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय में गंभीर आरोपों के बाद गरमाया माहौल फैकल्टी और छात्रों ने किया शैक्षणिक गतिविधियों का बहिष्कार, तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
मध्य प्रदेश के रीवा श्याम शाह चिकित्सा महाविद्याल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक वरिष्ठ डॉक्टर के खिलाफ गंभीर आरोपों को लेकर छात्र, रेजिडेंट डॉक्टर्स और फैकल्टी सदस्य लामबंद हो गए। कॉलेज परिसर में चल रहे इस भारी बवाल के बीच प्रदर्शनकारी छात्र और चिकित्सक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. इंदुलकर को पद से हटाने की मांग पर अड़ गए हैं।
आइए जानते है क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलेज की एक महिला फैकल्टी और छात्रों द्वारा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर के खिलाफ गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। छात्रों और महिला चिकित्सकों का आरोप है कि इस तरह के कृत्यों और व्यवहार से वे बेहद आहत महसूस कर रहे हैं। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने खुलकर बोलने से परहेज किया है, लेकिन अंदरखाने इसे लेकर भारी बबाल व्याप्त है।
शैक्षणिक गतिविधियों का,बहिष्कार और अल्टीमेटम
आरोप सामने आने के बाद आक्रोशित छात्रों और डॉक्टरों ने कड़ा रुख अपनाते हुए शैक्षणिक गतिविधियों से खुद को अलग करने का नोटिस प्रबंधन को सौंप दिया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर न पड़े, इसलिए उन्होंने आपातकालीन और चिकित्सीय सेवाओं को जारी रखने का निर्णय लिया है, लेकिन पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक बहिष्कार का यह नोटिस कॉलेज प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
प्रशासन की कार्रवाई तीन दिन में जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस के समक्ष की गई शिकायतों और आंतरिक मामलों को सुलझाने के लिए गठित आंतरिक परिवार कल्याण शिकायत समिति चार सदस्यीय स्थायी समिति को मामले की जांच सौंप दी गई है।
इस पूरे मामले मेडीकल कॉलेज के डीन ने मीडिया को जानकारी दी कि विभागाध्यक्ष पहले से ही 28 तारीख तक निर्धारित अर्जित अवकाश पर जा रहे हैं। इस बीच, समिति को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द—संभवतः तीन दिवस के भीतर—अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
निष्पक्ष जांच और पक्ष सुनने का आश्वासन
प्रशासन का कहना है कि समिति दोनों पक्षों की दलीलें सुनेगी और निष्पक्षता से साक्ष्यों की जांच करेगी। यदि किसी साजिश या अन्य पहलुओं का जिक्र आता है, तो उसे भी रिकॉर्ड पर लिया जाएगा। बहरहाल, मेडिकल कॉलेज परिसर में इस हाई-प्रोफाइल विवाद को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और सभी की निगाहें आंतरिक समिति की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
