Mp news: रीवा: सरकारी हैंडपंप पर कब्जे का आरोप, दो माह से बूंद-बूंद पानी को तरस रहा पीड़ित परिवार

Mp news: रीवा जिले के ग्राम भोलगढ़ में सरकारी हैंडपंप पर अवैध रूप से कब्जा कर निजी बोरवेल व मोटर डालने और पड़ोसी परिवार का पानी बंद करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिछले करीब दो महीनों से उन्हें पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है और विरोध करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कलेक्ट्रेट जनसुनवाई, पीएचई विभाग और पुलिस चौकी में शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
निजी बोरवेल डालकर रोका पानी, 1500 रुपये मांगने का आरोप
ग्राम भोलगढ़ निवासी निर्मला विश्वकर्मा और उनके ससुर मुंद्रिका प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि उनके घर के ठीक सामने ग्राम पंचायत के समय का एक सरकारी हैंडपंप लगा था, जिससे पूरा मोहल्ला और उनका परिवार पानी भरता था। आरोप है कि पड़ोसी सतानंद पांडे ने नियमों को ताक पर रखकर सरकारी हैंडपंप हटवा दिया और उसी बोर में अपनी निजी मोटर व पाइपलाइन डालकर उस पर कब्जा कर लिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पानी मांगने पर आरोपी द्वारा प्रति माह 1,500 रुपये की मांग की गई और असमर्थता जताने पर 28 सितंबर से उनके घर का पानी पूरी तरह बंद कर दिया गया।
डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर बुजुर्ग
घर में पानी की आपूर्ति ठप होने से बुजुर्ग दंपती और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिजनों के अनुसार, उन्हें रोजाना गांव में इधर-उधर भटकना पड़ता है या करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। वहीं, बाहर रहकर काम करने वाले बेटे हिमांशु विश्वकर्मा ने बताया कि घर पर बुजुर्ग माता-पिता और दादी-बाबा अकेले रहते हैं, जिन्हें पानी की किल्लत के साथ-साथ सुरक्षा का भी भय सता रहा है।
कई जगह शिकायत के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
पीड़ित निर्मला विश्वकर्मा ने 29 अक्टूबर को पुलिस चौकी, 2 नवंबर को पीएचई विभाग और 3 नवंबर को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में लिखित शिकायत देकर सरकारी हैंडपंप से अवैध कब्जा हटवाने और पेयजल बहाल करने की गुहार लगाई है। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई राहत नहीं मिली है। परिवार ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर सरकारी पेयजल स्रोत को मुक्त कराने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
