Gandhi jayanti: ग्रामसभा में शराब पीकर पहुंचे PCO, महिलाओं से अभद्रता पर जमकर हंगामा; पुलिस ने हिरासत में लिया

Gandhi jayanti: रीवा जिले की ग्राम पंचायत मैदानी में 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित ग्रामसभा प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण विवादों में घिर गई। ग्रामसभा में कार्यवाही कराने पहुंचे पंचायत समन्वय अधिकारी (PCO) सुधीर तिवारी पर ग्रामीणों ने शराब के नशे में धुत होने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पीसीओ को हिरासत में लिया है।
Gandhi jayanti:सरपंच-सचिव नदारद, नशे में पहुंचे अधिकारी
ग्रामीणों के अनुसार, अपनी समस्याएं लेकर जब वे पंचायत भवन पहुंचे तो वहां सरपंच और सचिव नदारद थे। इस दौरान पीसीओ सुधीर तिवारी अत्यधिक शराब के नशे में झूमते हुए वहां पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि पीसीओ ने न केवल ग्रामीणों से उटपटांग बातें कीं, बल्कि वहां मौजूद महिलाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार भी किया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो अधिकारी प्रशासन और मीडिया को लेकर बेपरवाह बयानबाजी करने लगे।

Gandhi jayanti: ड्राई डे पर आबकारी व्यवस्था पर उठे सवाल
गांधी जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में ‘ड्राई डे’ घोषित रहता है, जिसके तहत शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहता है। ऐसे में कर्तव्य स्थल पर तैनात शासकीय अधिकारी को शराब कैसे और कहां से उपलब्ध हुई, इसे लेकर आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Gandhi jayanti: मेडिकल के लिए भेजा गया, ग्रामसभा निरस्त
मामले की सूचना मिलने पर जनपद पंचायत की प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि आरोपी पीसीओ सुधीर तिवारी को डॉक्टरी मुलाहजा (मेडिकल जांच) के लिए अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट में पुष्टि होने पर उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सरपंच-सचिव की अनुपस्थिति और इस घटनाक्रम के चलते आयोजित ग्रामसभा को निरस्त कर दिया गया है, जिसे अब नई तिथि पर पुनः आयोजित किया जाएगा।
