Mp news: सीधी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: पति ने पत्नी और मासूम बेटी पर किया चाकू से हमला, 6 वर्षीय बच्ची की मौत

0
IMG_20261118_19012511
Spread the love

Mp news: सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ममदर तालाब के पास झोपड़ी बनाकर रह रहे एक परिवार में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब उमेश केवट ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सावित्री केवट और महज 6 वर्षीय मासूम बेटी ऋतु पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

खाट पर सो रही थीं मां और बेटियां, अचानक हुआ हमला

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात सावित्री केवट अपनी दोनों बेटियों के साथ एक ही खाट पर सो रही थी। वहीं, उसका पति उमेश दूसरी खाट पर लेटा हुआ था। इसी दौरान रात में अचानक उमेश हाथ में चाकू लेकर पहुंचा और सबसे पहले अपनी पत्नी सावित्री पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने 6 वर्षीय बेटी ऋतु को भी निशाना बनाया।

 

बताया गया है कि आरोपी ने मासूम बच्ची पर चाकू और हंसिया से कई वार किए। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, पत्नी सावित्री भी गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

See also  शिवसेना की पहल से खत्म हुई जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल

 

तीन दिनों से बदला हुआ था आरोपी का व्यवहार, परिवार ने कराई थी झाड़-फूंक

घायल सावित्री के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से उमेश के व्यवहार में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा था। वह छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाता था और बिना किसी स्पष्ट कारण के परिवार के सदस्यों से विवाद करने लगता था। कई बार वह गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने के लिए भी दौड़ता था।

 

आरोपी के इस व्यवहार को देखते हुए परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया था। परिवार की ओर से उसकी झाड़-फूंक भी कराई गई थी और लगातार उस पर नजर रखी जा रही थी। बताया गया कि रविवार से उसके व्यवहार में कुछ सुधार दिखाई देने लगा था, लेकिन सोमवार रात अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

 

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, रीवा अस्पताल में घायल पत्नी का उपचार

 

घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल सावित्री और मासूम बच्ची ऋतु को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 6 वर्षीय ऋतु को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि घायल मां का उपचार जारी है।

See also  Mp news: रीवा में भीषण सड़क हादसा, खून से सनी सड़क, टोल प्लाजा के पास बेकाबू हुआ ट्रक

 

बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उमेश ने अपने गले पर भी चाकू से वार कर खुद को घायल कर लिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

रीवा जिले के बघवार गांव का रहने वाला है आरोपी

 

जानकारी के अनुसार, आरोपी उमेश केवट मूल रूप से रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बघवार गांव का निवासी है। वह अपने परिवार के साथ चुरहट के ममदर तालाब के पास एक अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहा था। बताया जाता है कि वह तालाब में सिंघाड़ा बोने का काम करता था और इसी के सहारे परिवार का जीवनयापन कर रहा था।

 

मासूम की मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश

 

एक ही परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस मासूम उम्र में बच्ची को परिवार के स्नेह और सुरक्षा की जरूरत थी, उसी उम्र में उसकी जिंदगी खत्म हो गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल घायल मां का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Letest post