Mp news: इंजीनियरिंग कॉलेज के पास युवक पर जानलेवा हमला, कार से टक्कर मारने के बाद लाठी-डंडों से पीटा

Mp news: रीवा। शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप शाम को दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक ने हमलावरों पर कार से टक्कर मारने, लाठी-डंडों से पीटने और पिस्तौल अड़ाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक यशराज शर्मा 21 निवासी अनंतपुर ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर नीम चौराहे की ओर जा रहा था। जैसे ही वे इंजीनियरिंग कॉलेज के बगल में स्थित एसबीआई शाखा के सामने पहुंचे, सामने से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से यशराज सड़क पर गिर गया और उसका एक पैर टूट गया, जबकि उसके साथी पुलिस को सूचना देने के लिए मौके से आगे निकल गए।
पीड़ित का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद कार से मुंह बांधे तीन-चार युवक नीचे उतरे और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और शरीर में गंभीर चोटें आईं। यशराज के मुताबिक हमलावर नीम चौराहा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं, जिनकी उसके दोस्त से पुरानी अनबन चल रही थी, जबकि उसका स्वयं से कोई विवाद नहीं था।
घायल युवक ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उस पर कार चढ़ाने और गले पर पिस्तौल अड़ाकर गोली मारने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर भीड़ जमा होने और बीच-बचाव के चलते आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सके और फरार हो गए। फिलहाल संजय गांधी अस्पताल में घायल का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की वास्तविकता व आरोपों की जांच कर रही है।
