Rewa news: सिरमौर चौराहे के ब्यूटी पार्लर में हुई चोरी का खुलासा, 1.55 लाख के मशरूका के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

0
Spread the love

Rewa news: रीवा। अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमौर चौराहा स्थित एक ब्यूटी पार्लर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया समस्त सामान बरामद कर लिया है।

दुकान बंद कर घर गए थे संचालक

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज गौतम ने बताया कि सिरमौर चौराहे पर स्थित ब्यूटी पार्लर के संचालक 12 अक्टूबर की रात अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब उन्होंने दुकान खोली, तो वहां से ब्यूटी पार्लर का कॉस्मेटिक सामान और पानी का एक मोटर पंप गायब था। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों से हत्थे चढ़ा आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदेही की पतासाजी शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी इरफान खान पिता रफीक अंसारी उम्र 18 वर्ष, निवासी सिटी कोतवाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

1.55 लाख रुपये का माल बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से ब्यूटी पार्लर का कॉस्मेटिक सामान और मोटर पंप सहित कुल 1,55,000 रुपये का मशरूका बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पूर्व में भी दर्ज है चोरी का मामला

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया तो सिटी कोतवाली थाने में पूर्व से भी उसके खिलाफ चोरी का एक मामला दर्ज मिला है। अन्य थानों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात के समय आरोपी अकेला ही शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Letest post