Mp news: शिल्परा नहर उगली 2 जुड़वा भाइयों की लाश, दोस्तों पर लगा हत्या का आरोप परिजनों में आक्रोश

Mp news: रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र स्थित सिलपरा नहर में डूबने से 17 वर्षीय जुड़वा भाइयों की मौत के मामले ने गरमाहट पकड़ ली है। शुरुआत में इसे सेल्फी लेने के दौरान नहर में गिरने की घटना माना जा रहा था, लेकिन अब परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए सीधे दोस्तों पर उंगली उठाई है। देर शाम परिजनों ने संजय गांधी चिकित्सालय के बाहर धरना दिया और न्याय व सख्त कार्रवाई की पुरज़ोर माँग की।
Mp news: कैसे सामने आया पूरा घटनाक्रम
कौन थे मृतक: पीटीएस चौराहा निवासी 17 वर्षीय जुड़वा भाई अंशु सेन और प्रंशु सेन दोनों भाई कोचिंग से लौटने के बाद अन्य साथियों के साथ सिलपरा नहर घूमने गए थे, जहाँ नहर में गिरने की बात सामने आई थी घटना के तीसरे दिन रेस्क्यू के दौरान पुलिस ने दोनों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए।
Mp news: परिजनों का आरोप: यह हादसा नहीं, हत्या है
संजय गांधी अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए और कहा कि वे किसी विरोध या जाम के लिए नहीं, बल्कि न्याय के लिए खड़े हैं परिजनों का आरोप है कि मौके की स्थितियों में बड़ी विसंगतियाँ हैं और शवों पर ऐसी चोटें दिखाई दी हैं जो सामान्य रूप से गिरने या पानी में डूबने से नहीं आ सकतीं। परिजनों ने शरीर पर मौजूद कपड़ों व पहनावे की स्थिति को लेकर भी शंका जताते हुए कहा कि पहले मारने के बाद फेंका गया है। परिजनों के अनुसार, हालात को देखते हुए फॉरेंसिक जाँच और वीडियोग्राफी की अनुमति ली गई। परिजनों ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, मेडिकल/पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कदम उठाने और न्याय की माँग रखी।
Mp news: मौके पर पहुँचे अधिकारी, निष्पक्ष जाँच का भरोसा
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कई थाना प्रभारी और नगर CSP राजीव पाठक मौके पर पहुँचे। सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि परिजनों की शंकाओं और शिकायती पत्र में दिए गए हर बिंदु की गंभीरता से जाँच की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिस्थितिजन्य साक्ष्यों (सरकमस्टेंशियल एविडेंस) की पड़ताल के साथ डॉक्टर्स की टीम की पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया।
