Mp news: रीवा गढ़ में कुलदेवी माता मंदिर में मूर्ति खंडित, धार्मिक सामग्री चोरी होने से आक्रोश…

Mp news: रीवा। गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गोहा तालाब स्थित कुलदेवी मनकाठी माता मंदिर में 19-20 नवंबर की दरमियानी रात अराजक तत्वों द्वारा मूर्ति खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
श्रद्धालुओं के अनुसार, मंदिर में पूर्व में भी घंटी, पूजा सामग्री और मूर्तियां चोरी होने की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई जा चुकी है। बताया गया कि 19 नवंबर की शाम करीब 8 बजे तक मंदिर परिसर में स्थिति सामान्य थी, लेकिन 20 नवंबर की सुबह जब श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे तो मूर्ति खंडित अवस्था में मिली तथा अंदर की मूर्ति निकालकर तालाब में फेंके जाने की बात सामने आई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र की शांति व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं ने प्रशासन से विशेष टीम गठित कर दोषियों की पहचान करने, सख्त कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
बताया गया कि घटना के विरोध, मंदिर की सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे की रणनीति तय करने के लिए दोपहर 1 बजे बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं और मंदिर के भक्तों की बैठक आयोजित की गई है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
