Mp news: सर्राफा कारोबारी से 5–6 लाख की सनसनीखेज लूट, बाइक सवार बदमाशों ने लात मारकर गिराया और बैग छीना

Mp news: शिल्पी प्लाजा से पीछा कर आजाद नगर में दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी में कैद हुए तीन नकाबपोश; अमहिया पुलिस जांच में जुटी
रीवा। शहर में रात के सन्नाटे में सर्राफा व्यापारी के साथ बड़ी लूट की वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी का पीछा कर उसकी बाइक में लात मारी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश नकदी और जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी के अनुसार, लूटे गए माल की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रात करीब 10 बजे हुई। आजाद नगर निवासी दीपू सोनी, जो ‘देविका ज्वेलर्स’ के संचालक हैं, रोज की तरह सर्राफा बाजार से जेवरात लेकर अपनी दुकान लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि शिल्पी प्लाजा के पास से ही बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश उनका पीछा कर रहे थे।
जैसे ही दीपू सोनी आजाद नगर स्थित अपनी दुकान के पास पहुंचे, बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बाइक से आए आरोपियों ने उनकी गाड़ी में जोरदार लात मारी, जिससे वे संतुलन खोकर सड़क पर जा गिरे। इसी का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीना और तेजी से भाग निकले। बताया जा रहा है कि बैग में लगभग 900 ग्राम चांदी, 40 ग्राम सोना और 12 हजार रुपये नगद थे।
पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से दुकान के पास पहुंचते नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही अमहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम ने बताया कि रात में सर्राफा व्यापारी से लूट की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
रात के समय हुई इस बेखौफ वारदात से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और वे जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
