रीवा: टोल प्लाजा पर एमपी वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक, वीडियो वायरल

रीवा : मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संजय नगायच और टोल प्लाजा कर्मचारियों के बीच हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामला रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र स्थित जोगिनहाई टोल प्लाजा का बताया जा रहा है। हालांकि यह वीडियो करीब एक माह पुराना है, लेकिन इसके सार्वजनिक होने के बाद जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद टोल टैक्स का भुगतान किए जाने के बावजूद वाहन चालक के साथ कथित अभद्रता को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने तीखी बहस का रूप ले लिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो में अध्यक्ष संजय नगायच टोल कर्मियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि कर्मचारी उन्हें नहीं पहचानते हैं, तो सीधे कलेक्टर को फोन लगाकर उनकी पहचान पूछ लें। वहीं, बहस के दौरान टोल कर्मचारियों ने भी पलटवार करते हुए अध्यक्ष पर नशे में होने का आरोप लगाया।
अध्यक्ष ने दी सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद एमपी वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स की राशि पहले ही जमा कर दी गई थी, इसके बावजूद टोल कर्मियों द्वारा उनके चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। इसी कारण उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई थी। फिलहाल, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
