Rewa news: कमिश्नर ने संभाग के विभिन्न जिलों से आए हुए आवेदकों के आवेदनों पर की सुनवाई

0
20261013_225313
Spread the love

Rewa news: रीवा  प्रति मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आम जनों के आवेदन और शिकायतों पर प्रभावी सुनवाई करते हुए कार्यवाही की जाती है। आज आयोजित जनसुनवाई में रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने रीवा, सतना, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली जिले के दूर दराज के क्षेत्रों से आए हुए आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को सुना एवं सभी आवेदकों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में आए अभय मिश्रा ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि खैरवा कला, इटहरा, भैसासुर एवं बेरमा ग्राम में स्थित जमीन का अधिग्रहण नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है। उन्होंने वर्तमान में लागू कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार भूमि का चार गुना मुआवजा दिलाने की मांग की। कमिश्नर ने सीई जल संसाधन विभाग को उक्त आवेदन की जांच कर उचित निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बेला निवासी खुशबू प्रजापति ने आवेदन देकर बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति में पर्याप्त डॉक्यूमेंट होने के बावजूद उनकी नियुक्ति न कर एक अन्य महिला की नियुक्ति सहायिका के पद पर की गई है। उन्होंने बताया कि नियुक्त सहायिका की मार्कशीट अमान्य बोर्ड की है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया एवं मार्कशीट की जांच कराने की मांग की। कमिश्नर ने कलेक्टर सतना को उक्त आवेदन का परीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम कोठी जिला सतना के गिरीश कुमार मिश्रा ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि जमीन के राजस्व कृषि नक्शों की समस्या का निराकरण किया जाए। कमिश्नर ने कलेक्टर सतना को तत् संबंध में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम तमरी तहसील हुजूर के रमेश साकेत ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम के उप स्वास्थ्य केंद्र के शासकीय आवास में एक स्थानांतरित स्वास्थ्य महिला कर्मचारी का अभी तक कब्जा है। उन्होंने बताया कि उक्त कर्मचारी का कई वर्ष पहले स्थानांतरण हो चुका है लेकिन अभी भी वह कर्मचारी आवास पर कब्जा नहीं छोड़ रही है। कमिश्नर द्वारा संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को उक्त आवेदन का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यातायात नगर ग्राम पड़रा जिला रीवा के राकेश गुप्ता ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि रेलवे द्वारा अधिग्रहित पड़रा यातायात नगर जी 7 प्लॉट के रकबा में संशोधन कर भूमि स्वामी का नाम दर्ज किया जाए। कमिश्नर ने एसडीएम हुजूर को उक्त आवेदक की अपील दर्ज करने के निर्देश दिए।
ग्राम उमरिया हाप जिला सतना के रामचंद्र पाण्डेय ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि ग्राम उमरिया हाप में सार्वजनिक रास्ता बंद है क्योंकि लोगों ने आसपास घर बना लिया है। उन्होंने रास्ता खुलवाने की मांग की ताकि लोगों की आवाजाही हो सके। कमिश्नर ने तहसीलदार रामपुर बघेलान को उक्त आवेदन के परिपेक्ष्य में 131 में प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। पुरवा नहर संभाग क्रमांक 2 सतना से सेवानिवृत्त उपयंत्री गोकुल बिहारी त्रिपाठी ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि वह 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं किंतु आज दिनांक तक उन्हें अपने स्वत्वों का भुगतान नहीं हुआ है। कमिश्नर ने जल संसाधन विभाग के सीई को उक्त आवेदन के संबंध में उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
समस्या और शिकायतों का बेहतर निराकरण करने पर आवेदनकर्ताओं ने कमिश्नर को किया सम्मानित :- जनसुनवाई में आए ग्राम एरा तहसील रामपुर बघेलान के कृष्णचंद्र अग्निहोत्री एवं रीवा के अरुण कुमार त्रिपाठी ने जनसुनवाई के आवेदनों पर बेहतर कार्यवाही करने और हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण करने पर कमिश्नर शीलेंद्र सिंह को जनसुनवाई में पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण जन भी आए हुए थे। श्री कृष्णचंद्र अग्निहोत्री ने कहा कि कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। जनता की समस्या एवं शिकायतों को धैर्य पूर्वक सुनकर उनका निराकरण कर रहे हैं। जनसुनवाई में दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बहुत से आवेदनकर्ताओं की समस्याओं का निराकरण हुआ है। अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कमिश्नर श्री सिंह आम जनता की शिकायतो का निराकरण करने के लिए गंभीर हैं एवं शिकायत एवं समस्याओं का निराकरण कर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, उनकी काम करने की कार्य शैली से आम जनता में खुशी की लहर है और आम जनता में कमिश्नर कार्यालय एवं जिला प्रशासन की छवि भी बेहतर हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Letest post