Mp news: चोरहटा से रतहरा मॉडल सड़क की बदहाल स्थिति पर भड़के किसान, गुणवत्ता की जांच और कार्रवाई की मांग

Mp news: रीवा शहर की प्रमुख चोरहटा से रतहरा मॉडल सड़क की लगातार बिगड़ती हालत अब राहगीरों के लिए मुसीबत और हादसों का सबब बन गई है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस मार्ग, फ्लाईओवर और अंडरपास की निर्माण गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन मध्य प्रदेश के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय किसान सम्मेलन समिति के सदस्य किसान सुब्रत ने प्रशासन से सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
किसान सुब्रत ने कहा कि लगभग 100 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार की गई यह मॉडल सड़क इतनी कम अवधि में कैसे जर्जर हो गई, यह गंभीर जांच का विषय है। वर्तमान स्थिति यह है कि फ्लाईओवर से लेकर पूरे मार्ग पर जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई स्थानों पर कंक्रीट उखड़ गई है और फ्लाईओवर की सतह से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं, जो कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं। आरोप है कि जिन स्थानों पर डामरीकरण के माध्यम से गड्ढों की मरम्मत की गई थी, वहां भी सड़क दोबारा उखड़ने लगी है।
सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। बीती रात मार्ग पर हुई दुर्घटना के बाद घंटों जाम की स्थिति बनी रही, वहीं कॉलेज चौराहे पर भी लगातार जाम लग रहा है। हालांकि फ्लाईओवर पर गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है, लेकिन आए दिन हो रही दुर्घटनाओं ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
किसान सुब्रत ने मध्य प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा निर्माण एजेंसी के जिम्मेदार अधिकारियों को साथ लेकर पूरे मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। साथ ही टेंडर की शर्तों की जांच कर यह सार्वजनिक किया जाए कि सड़क किन मानकों के तहत बनाई गई थी। उन्होंने सड़क, फ्लाईओवर और अंडरपास के नीचे बने हिस्सों का तकनीकी परीक्षण कराकर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आमजन को जाम और दुर्घटनाओं से निजात मिल सके।
