Mp homegard bharti: MP में 18 साल बाद होमगार्ड भर्ती की तैयारी, 5,020 पदों पर होंगी नियुक्तियां

Mp homegard bharti: भोपाल। मध्य प्रदेश में होमगार्ड (नगर सेना) के खाली पदों को भरने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 18 साल बाद नियमित भर्ती का रास्ता खुलता दिख रहा है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) इसी महीने प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है।
Mp homegard bharti: 5,020 पदों का प्रस्ताव
प्रस्तावित 5,020 पदों में 4,532 पद सामान्य ड्यूटी के हैं, जबकि 488 पद उज्जैन के महाकाल मंदिर की सुरक्षा के लिए रखे गए हैं।
पहली बार प्रदेश स्तर पर भर्ती
अब तक होमगार्ड की भर्ती जिला स्तर पर रिक्त पदों के आधार पर होती थी। इस बार पूरे प्रदेश के लिए एक साथ भर्ती कराने की योजना है, जिससे लंबे समय से खाली पदों को भरने में आसानी हो सकती है।
Mp homegard bharti: 2008 के बाद नहीं हुई नियमित भर्ती
होमगार्ड को डाइंग कैडर घोषित किए जाने के कारण 2008 के बाद नियमित भर्ती नहीं हुई। 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान करीब 2,600 जवानों की अस्थायी भर्ती हुई थी, जिन्हें बाद में नियमित सेवा में शामिल कर लिया गया। इसके बाद नई भर्ती न होने और जवानों के सेवानिवृत्त होने से खाली पदों की संख्या बढ़ती गई।
Mp homegard bharti: 15,800 स्वीकृत पदों में 6,690 खाली
प्रदेश में होमगार्ड के 15,800 पद स्वीकृत हैं और 97 कंपनियां गठित हैं। इनमें 6,690 पद रिक्त हैं। प्रस्तावित भर्ती से बल की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है।
प्रस्ताव के अनुसार कुल पदों में 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। विभाग में अब तक सिर्फ एक बार महिलाओं की भर्ती हुई है और फिलहाल करीब 350 महिला होमगार्ड कार्यरत हैं। सेवा परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण मानी जाती रही हैं, इसी कारण लंबे समय तक महिलाओं की भर्ती नहीं हुई थी।

अनुसूचित जाति (SC) के लिए 20 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 15 प्रतिशत पद आरक्षित रखने की बात कही गई है। OBC आरक्षण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
भर्ती की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ESB की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही साफ होगी। होमगार्ड की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के अनुसार भर्ती को शासन से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द विज्ञापन जारी हो सकता है।
