Rewa news: कलेक्टर के कड़े तेवर स्वामित्व योजना में लापरवाही पर 15 पटवारी निलंबित, 127 को जारी हुई नोटिस

Rewa news: रीवा। शासकीय कार्यों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘स्वामित्व योजना’ में दिए गए दायित्वों का निर्वहन न करने पर कलेक्टर के निर्देश पर SDM ने 15 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि के सर्वे और अधिकार अभिलेख तैयार करने का कार्य किया जा रहा था। लगातार समीक्षा बैठकों में निर्देश देने के बावजूद संबंधित पटवारी अपने-अपने हल्कों में अपेक्षित प्रगति लाने में विफल रहे। इसे वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की सीधी अवहेलना और कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही 127 पटवारियों को नोटिस भी जारी की गई है।
इन पटवारियों पर गिरी गाज
निलंबित किए गए पटवारियों में बृजेश गुप्ता हल्का लौआ लक्ष्मणपुर), अभिनव तिवारी (हल्का अमिरती), सौरभ सिंह (हलका इटार पहाड़), आशीष पांडे (हल्का उमरी), मधुर सिंह (हल्का मनिकवार), कौशल कोल (हल्का भौवार), इकबाल (हल्का व्योहरा), प्रकाश सोनी (हल्का रौरा), योगेश डाबर (हल्का जवा), निशांत नागवंशी (हल्का सूती), पुष्पराज सिंह (हलका कोराव अमिलिया), नम्रता साहू (हल्का हर्दिकला), प्रशांत त्रिपाठी (हल्का मरैला), अजय पटेल (हल्का भटिगवां) तथा योगिता सिंह (हलका बबैया) शामिल हैं।
कलेक्टर की इस कड़ी कार्रवाई से राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि शासकीय योजनाओं और जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
