Mauganj news: घर-आंगन पहुंचा नल का पानी, संध्या की बदली दिनचर्या

Mauganj news: जल जीवन मिशन से खत्म हुई पानी के लिए दूर जाने की मजबूरी ग्राम पंचायत मुदरिया चौबान की श्रीमती संध्या चतुर्वेदी के लिए जल जीवन मिशन घर तक पानी के साथ नई सहजता लेकर आया है। वे बताती हैं, “पहले पानी के लिए दूर जाना पड़ता था। गर्मी में परेशानी और बढ़ जाती थी और कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता था।” गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल योजना का लाभ मिलने के बाद अब घर पर ही नल से पानी उपलब्ध हो रहा है। संध्या कहती हैं, “अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। घर पर ही पानी मिल जाता है, जिससे समय और मेहनत दोनों बचते हैं। दूसरे जरूरी काम भी आसानी से कर पाते हैं।” मऊगंज जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर मुदरिया चौबान में नल से जल की सुविधा ने विशेषकर महिलाओं की दिनचर्या आसान की है। पानी लाने में बचा समय अब परिवार और अन्य जरूरी कार्यों में लगाया जा रहा है। संध्या चतुर्वेदी का अनुभव जल जीवन मिशन से ग्रामीण परिवारों के जीवन में आए बदलाव की तस्वीर पेश करता है।
