Crime news: प्रेमिका ने दिया धोखा तो प्रेमी ने काटी हाथ की नश वीडियो वायरल

Crime news: प्रेम प्रसंग में ब्रेकअप से आहत एक 19 वर्षीय युवक ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Meta’ के आपातकालीन सुरक्षा अलर्ट और उत्तर प्रदेश पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई। घटना नंदग्राम थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर की रात पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को Meta की ओर से सेल्फ-हार्म (खुद को नुकसान पहुंचाने) से संबंधित एक अलर्ट प्राप्त हुआ। अलर्ट में जानकारी दी गई कि एक युवक ने इंस्टाग्राम पर अपनी कलाई से बहते खून की तस्वीर साझा की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया सेंटर की टीम ने तत्काल युवक के मोबाइल नंबर और संभावित लोकेशन को ट्रेस किया और डीजीपी मुख्यालय के माध्यम से गाजियाबाद पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही नंदग्राम पुलिस हरकत में आ गई। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि उपनिरीक्षक कमलदेव राणा, आरक्षी सतेंद्र कुमार और आरक्षी नरेंद्र की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। जब पुलिस टीम युवक के कमरे में पहुंची, तो वह बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा था और उसकी बाईं कलाई पर ब्लेड से कटने के निशान थे। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
तनाव में उठाया आत्मघाती कदम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवक मूल रूप से बलरामपुर जिले का निवासी है और गाजियाबाद में रहकर मजदूरी करता है। गर्लफ्रेंड से बातचीत बंद होने और ब्रेकअप के कारण वह पिछले कुछ दिनों से गहरे मानसिक तनाव में था। इसी निराशा में उसने ब्लेड से अपनी बाईं कलाई काट ली और उसकी फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी।
काउंसलिंग के बाद दी हिदायत
अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस अधिकारियों ने युवक की काउंसलिंग की और उसे जीवन के महत्व के बारे में समझाया। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा कोई कदम न उठाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या संवेदनशील पोस्ट न करने का लिखित आश्वासन दिया है।
