Mp news: आग ने मचाई तबाही रात 2:30 बजे लिया विकराल रूप दुकाने जली

Mp news: रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ कस्बे में बीती रात तीन दुकानों में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। घटना में एक फल और दो सब्जी की दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गढ़ कस्बा निवासी रामनारायण गुप्ता, आजाद कुमार जैसवाल और महेंद्र गुप्ता रोजाना की तरह रात करीब 9:00 बजे अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। देर रात लगभग 2:00 से 2:30 बजे के बीच उन्हें दुकानों में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पीड़ित व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचित किया। व्यापारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के काफी प्रयास किए, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाने से पहले ही तीनों दुकानों में रखा पूरा माल जलकर राख हो गया।
माह भर में दूसरी बार बनाया गया निशाना
घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित व्यापारी रामनारायण गुप्ता ने बताया कि इससे पहले बीते 28 अक्टूबर को भी उनकी दुकान में आगजनी की घटना हुई थी, जिसकी लिखित शिकायत गढ़ थाने में दर्ज कराई गई थी। एक ही माह के भीतर दूसरी बार हुई इस घटना से व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल गढ़ थाना पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच कर रही है।
