Viral video: अवैध धंधे का अनोखा जुगाड़ का पर्दाफाश, महिला गिरफ्तार

Viral video: हैंडपंप चलाया तो पानी की जगह निकली कच्ची शराब: झांसी में अवैध धंधे के अनोखे जुगाड़ का पर्दाफाश, महिला गिरफ्तार
झांसी: अवैध कच्ची शराब के तस्करों ने कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए ऐसा अनोखा और हैरान करने वाला तरीका अपनाया, जिसे देखकर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम भी दंग रह गई। झांसी के सकरार थाना क्षेत्र के तेजपुरा घुराट गांव में एक घर के आंगन में लगे हैंडपंप के नीचे शराब का भूमिगत टैंक बनाया गया था। बाहर से यह बिल्कुल आम हैंडपंप जैसा दिखता था, लेकिन जब टीम ने इसे चलाया तो पानी के बजाय कच्ची शराब बहने लगी।
जमीन के नीचे टैंक, ऊपर हैंडपंप का ‘जुगाड़’
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान तेजपुरा घुराट में एक घर की तलाशी के दौरान यह चौंकाने वाली व्यवस्था सामने आई। तस्करों ने आंगन की जमीन के नीचे कच्ची शराब रखने के लिए टैंक तैयार किया था और ठीक उसके ऊपर हैंडपंप फिट कर दिया था, ताकि किसी को भी भीतर छिपी शराब की भनक न लगे।
30 लीटर शराब बरामद, 1000 लीटर लहन नष्ट
संयुक्त कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की। इसके अलावा शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया लगभग 1000 लीटर कच्चा लहन भी मौके पर ही नष्ट कराया गया।
महिला गिरफ्तार, विधिक कार्रवाई जारी
इस मामले में पुलिस ने गांव की रहने वाली 30 वर्षीय विनीता को गिरफ्तार किया है। टहरौली के क्षेत्राधिकारी रक्षपाल सिंह के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद सकरार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वायरल वीडियो ने बटोरी सुर्खियां
कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी आंगन में लगा हैंडपंप चलाते नजर आ रहे हैं और उससे निकलती कच्ची शराब को एक बर्तन में इकट्ठा किया जा रहा है। घरेलू इस्तेमाल के साधन को अवैध शराब निकालने के जरिये में बदलने का यह तरीका इलाके में खासी चर्चा का विषय बना हुआ है।