क्राइम न्यूज़: कटी ‘नागिन’ जैसी जुल्फें थामे थाने पहुंची पत्नी, बोली- हैवान पति ने उजाड़ा सुहाग; तेजाब डालने की भी कोशिश

क्राइम न्यूज़: घरेलू कलह और शक के चलते एक विवाहिता के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि बालों में कलर कराने की बात पर नाराज पति ने सास और दो देवरों के साथ मिलकर महिला से मारपीट की, उसकी चोटी काट दी और तेजाब डालने की कोशिश भी की। शोर सुनकर पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने महिला को बचाया। इसके बाद पीड़िता कटी हुई चोटी हाथ में लेकर लिसाड़ी गेट थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
तीन साल पहले हुई थी शादी, शक बना विवाद की जड़
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी करीब तीन साल पहले मेरठ के समर गार्डन निवासी रिहान से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति रिहान उस पर अवैध संबंधों का शक करता है, जिसे लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती थी।
चोटी काटने और तेजाब डालने की धमकी का आरोप
पीड़िता ने बताया कि शनिवार को बालों में कलर कराने को लेकर पति भड़क गया। विवाद बढ़ने पर पति रिहान, सास रोशन तथा देवर साहिल और सोनू ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और चोटी काट दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उस पर तेजाब डालने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने बचाया, मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और पड़ोसियों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर महिला को बचाया। बाद में पीड़िता कटी हुई चोटी लेकर लिसाड़ी गेट थाने पहुंची और पति, सास व दोनों देवरों के खिलाफ तहरीर देते हुए अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई।
पुलिस का बयान
कोतवाली थाना प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि समर गार्डन निवासी महिला की शिकायत मिली है, जिसमें पति रिहान पर मारपीट करने और बाल काटने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
