जुड़वा भाइयों के नहर में डूबने से हड़कम्प , रीवा शहडोल मार्ग में चक्का जाम

जुड़वा भाइयों; रीवा में जुड़वा भाइयों की मौत से मचा हड़कंप, 20 घंटे बाद भी नहीं मिले शव, आक्रोशित परिजनों ने रीवा-शहडोल मार्ग पर किया चक्काजाम
रीवा। बिछिया थाना क्षेत्र के सिलपरा नहर में डूबने से दो सगे जुड़वा भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंशु सेन और प्रांशु सेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई कोचिंग के बाद सिलपरा नहर पहुंचे थे। यहां सेल्फी लेने के दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में जा गिरे और डूब गए।
घटना को करीब 20 घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों भाइयों के शव बरामद नहीं हो सके हैं। इसको लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नाराज परिजनों ने रीवा-शहडोल मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से ही प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि कल से न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एसडीआरएफ की गोताखोर टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। परिजनों का आरोप है कि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाया जाता तो शायद दोनों भाइयों के शव मिल सकते थे।
परिजन प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल चक्काजाम के चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
