Ertiga car: डिजायर, वैगनआर या नेक्सॉन नहीं; 26Km+ माइलेज वाली अर्टिगा बनी देश की नंबर-1 CNG कार

Ertiga car: पेट्रोल और डीजल की ऊंची कीमतों के बीच देश में सीएनजी (CNG) गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ताजा बिक्री आंकड़ों के मुताबिक, मारुति सुजुकी अर्टिगा (Maruti Suzuki Ertiga) ने डिजायर, वैगनआर, पंच और नेक्सॉन जैसी लोकप्रिय गाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली सीएनजी कार बनने का खिताब हासिल किया है।
14 हजार से ज्यादा यूनिट्स की बंपर बिक्री
अक्टूबर महीने में देश भर में कुल 1.24 लाख से अधिक सीएनजी कारों की बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले साल के मुकाबले 21 प्रतिशत ज्यादा है। इस सूची में 7-सीटर एमपीवी मारुति अर्टिगा सीएनजी 14,308 यूनिट्स की बिक्री के साथ शीर्ष पर रही। इसके बाद दूसरे स्थान पर मारुति डिजायर (12,695 यूनिट) और तीसरे स्थान पर वैगनआर (11,499 यूनिट) रही। चौथे और पांचवें स्थान पर क्रमशः विक्टोरिस (9,217 यूनिट) और ब्रेजा (8,725 यूनिट) ने जगह बनाई, जबकि टाटा पंच छठे और नेक्सॉन सातवें नंबर पर रहीं।
कम खर्च और दमदार माइलेज बना पहली पसंद
बड़े परिवारों और कमर्शियल सेगमेंट में अर्टिगा की मजबूत पकड़ की सबसे बड़ी वजह इसका शानदार माइलेज है। कंपनी के दावे के अनुसार, यह 7-सीटर कार सीएनजी मोड पर 26.11 किलोमीटर प्रति किलोग्राम तक का माइलेज देती है, जिससे इसकी रनिंग कॉस्ट बेहद कम पड़ती है।
इंजन, फीचर्स और कीमत
मारुति अर्टिगा में 1.5-लीटर का के-सीरीज इंजन दिया गया है। आरामदायक सफर के लिए इसमें 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल और पिछली सीटों के लिए रूफ-माउंटेड एसी वेंट्स जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) और हिल होल्ड असिस्ट की सुविधा दी गई है। अर्टिगा के सीएनजी वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹10.97 लाख है।
