Mp news: 13 करोड़ के चावल परिवहन में अनियमितता के आरोप, बिना दोबारा वजन कराए रैक लोडिंग पर उठे सवाल

Mp news: रीवा जिले से लगभग 27,000 क्विंटल सरकारी चावल अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये शाजापुर भेजने की तैयारी के बीच रेलवे रैक लोडिंग प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। समाजसेवी बीके माला ने नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बिना दोबारा वजन कराए रैक में चावल लोड किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
समाजसेवी बीके माला का आरोप है कि वेयरहाउस से लोड होने के समय ट्रकों का वजन कराया गया था, लेकिन तीन से चार दिन के अंतराल के बाद रेलवे रैक में लोडिंग से पहले ट्रकों का पुनः वजन नहीं कराया गया। नियमानुसार रैक लोडिंग से पहले प्रत्येक ट्रक का दोबारा वजन होना चाहिए, ताकि चावल की वास्तविक मात्रा का मिलान हो सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रैक पॉइंट पर लोडिंग जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया के दौरान नागरिक आपूर्ति निगम का एक भी अधिकृत कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे निगरानी और पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। इसके अलावा बारिश के दौरान ट्रकों पर तिरपाल न ढके होने से चावल भीगने की बात भी सामने आई है।
बीके माला ने पूर्व में भी रेलवे वैगनों में निर्धारित मात्रा से कम बोरियां पाए जाने और चावल की कमी सामने आने का हवाला देते हुए मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने रैक लोडिंग से जुड़े वीडियो का उल्लेख करते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि ट्रकों का तत्काल दोबारा वजन कराया जाए और वेयरहाउस, नागरिक आपूर्ति विभाग तथा परिवहन व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई न होने पर वे शासन स्तर पर पत्राचार करेंगे। फिलहाल इस पूरे मामले में नागरिक आपूर्ति निगम के जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका है।
