Crime news: दुल्हन को सिंदूर लगाने से पहले आया मैसेज, मंडप छोड़ फरार हुआ दूल्हा

Crime news: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के एक होटल में मंगलवार को आयोजित विवाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब सिंदूरदान की रस्म से ठीक पहले दूल्हा मोबाइल पर एक संदेश देखकर मंडप से फरार हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, दूल्हा तय समय पर बारात लेकर होटल पहुंचा था। द्वारचार और स्वागत के बाद स्टेज पर जयमाल की रस्म धूमधाम से पूरी हुई। मेहमानों और रिश्तेदारों के आशीर्वाद व उपहार देने के बाद शुभ मुहूर्त में वर-वधू को मंडप में बैठाया गया। पंडित के मंत्रोच्चार के साथ शादी की अधिकांश रस्में पूरी हो चुकी थीं और केवल सिंदूरदान बाकी था।
इसी दौरान दूल्हे के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसे पढ़ते ही वह सन्न रह गया। बताया जा रहा है कि मैसेज में दुल्हन के पूर्व संबंध का जिक्र करते हुए दावा किया गया था कि उसके प्रेमी की हत्या हो चुकी है, जिसका शव कुछ दिन पहले सरिया रेलवे ट्रैक के पास मिला था। संदेश देखने के बाद दूल्हे ने फोन बंद किया और किसी बहाने से मंडप से उठकर बाहर निकला व फरार हो गया।
दूल्हे के अचानक गायब होने से मंडप में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते वर और वधू पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ने लगा। सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा संदेश भेजने वाले की तलाश की जा रही है।
