Crime: मोहब्बत के लिए मौत से खिलवाड़: शादी से मुकरा प्रेमी तो मोबाइल टावर पर चढ़ गई प्रेमिका

Crime: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने फिल्मी कहानियों को भी पीछे छोड़ दिया है। शादी की जिद को लेकर एक युवती सुबह-सुबह मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे से पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आखिरकार, पुलिस और स्थानीय लोगों की मशक्कत के बाद जो हुआ, उसने सबको सकते में डाल दिया।
शादी की बात पर पीछे हटने लगा प्रेमी
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव का है। यहाँ के रहने वाले अभिजीत गौतम और कसेरवा बसेरवा गांव की रहने वाली नेहा गौतम के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि जब नेहा ने अभिजीत से शादी करने की बात कही, तो वह टालमटोल करने लगा और पीछे हटने लगा।
खुद डायल 112 पर फोन कर दी टावर पर चढ़ने की सूचना
प्रेमी के मुकरने से आहत होकर नेहा रविवार की सुबह करीब छह बजे सीधे बारीगांव में लगे एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा पहुंची। हैरानी की बात यह रही कि युवती ने खुद डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी कि वह टावर पर चढ़ चुकी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुट गए।
साढ़े 4 घंटे तक चला मान-मनौवल का दौर
घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवती की जिद थी कि उसके प्रेमी अभिजीत को मौके पर बुलाया जाए और वह उसी के हाथों शादी करेगी। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद प्रेमी को ढूंढकर मौके पर बुलाया। प्रेमी ने टावर पर कुछ ऊंचाई तक जाकर नेहा को समझाने की कोशिश की, लेकिन ऊंचाई देखकर वह खुद घबरा गया। इसके बाद पुलिस और अन्य लोगों की मौजूदगी में काफी देर तक मान-मनौवल का दौर चलता रहा।
टावर पर ही भरी मांग, फिर उतरी नीचे
मामला जब नहीं सुलझा, तो आखिरकार करीब साढ़े चार घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी ने हार मान ली। वह दोबारा टावर पर चढ़ा और वहीं टावर की सीढ़ियों पर ही नेहा की मांग में सिंदूर भर दिया। सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद युवती शांत हुई और नीचे उतरने के लिए राजी हुई। युवती के सुरक्षित नीचे जमीन पर आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और तालियां बजाकर इस अनोखे प्रेम प्रसंग के अंत का गवाह बने। इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।