Crime news: बुढ़ापे में प्यार के जाल में फंसे रिटायर्ड फौजी, 12 लाख ट्रांसफर करते ही लुटेरी दुल्हन ने बंद किया फोन

0
20261128_173847
Spread the love

Crime news: रीवा। जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर अकेलापन दूर करने के लिए हमसफर की तलाश कर रहे रीवा के एक 74 वर्षीय रिटायर्ड फौजी को शातिर युवती ने अपने प्रेम और बातों के जाल में फंसाकर करीब 12 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार बना लिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़ित बुजुर्ग ने विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर बोदाबाग का है। यहां निवास करने वाले 74 वर्षीय रिटायर्ड फौजी राम सुमेर मिश्रा ने जीवनसाथी की तलाश के लिए एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनवाई थी। प्रोफाइल सक्रिय होने के कुछ दिनों बाद एक अनजान नंबर से उनके पास कॉल आया। फोन करने वाली युवती ने अपना नाम सरस्वती उपाध्याय और खुद को उज्जैन की निवासी बताया।
शुरुआती बातचीत के बाद दोनों के बीच फोन पर लगातार लंबी बातें होने लगीं। युवती ने अपनी मीठी और भावनात्मक बातों से बुजुर्ग फौजी का विश्वास जीत लिया और दोनों के बीच शादी को लेकर सहमति भी बन गई। आरोप है कि जब बुजुर्ग भावनात्मक रूप से पूरी तरह जुड़ गए, तब युवती ने पैसों की मांग शुरू की। उसने फोन पर बताया कि उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई है और इलाज के लिए तत्काल पैसों की सख्त जरूरत है।
होने वाली दुल्हन की मुसीबत सुनकर भावुक हुए रिटायर्ड फौजी ने बिना कुछ सोचे-समझे मदद के लिए पेटीएम और कियोस्क सेंटर के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में युवती द्वारा बताए गए बैंक खातों में करीब 12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन रकम खाते में पहुंचते ही युवती ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। कई दिनों तक संपर्क न होने पर पीड़ित को अपने साथ हुई बड़ी साइबर और भावनात्मक ठगी का एहसास हुआ।

See also  Crime news: नशे की लत में सस्पेंडेड आरक्षक ने दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर में की चोरी, तीन गिरफ्तार

इसके बाद पीड़ित ने विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर आरोपी युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक्स आर्मी मैन की शिकायत पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा बैंक खातों और मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर आरोपी महिला की तलाश और मामले की अग्रिम विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Letest post