दूल्हे की मौत: शादी के 24 घंटे में उजड़ा सुहाग: रिसेप्शन स्टेज पर फोटोशूट के बाद गिरा दूल्हा, अस्पताल ले जाते वक्त मौत

दूल्हे की मौत: जिस घर में एक दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं और नई दुल्हन के स्वागत की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां 24 घंटे के भीतर चीख-पुकार और मातम पसर गया. रिसेप्शन पार्टी में फोटोशूट खत्म होते ही दूल्हा अचानक स्टेज पर गिर पड़ा. आनन-फानन में अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. यह हृदयविदारक घटना बिहार के कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र स्थित पोठिया बाजार की है.
मृतक की पहचान डॉ. पवन कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पोठिया बाजार (वार्ड नंबर 13) के निवासी थे और पटना में कार्यरत थे. जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को पड़ोसी गांव चांदपुर में उनकी शादी हुई थी. अगले दिन यानी 26 नवंबर की रात घर पर स्वागत समारोह (रिसेप्शन) आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए थे.
स्टेज से उतरते वक्त अचानक गिरे दूल्हा, नहीं मिली BP रीडिंग
परिजनों के मुताबिक, रिसेप्शन के आखिरी दौर में अधिकतर मेहमान खाना खाकर जा चुके थे. इसी बीच दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर फोटोशूट करा रहे थे. फोटो खिंचवाने के बाद जैसे ही डॉ. पवन नीचे उतरने लगे, वे अचानक जमीन पर गिर पड़े.
मृतक के बड़े भाई श्रवण कुमार ने बताया कि पवन के गिरते ही घरवालों ने उन्हें संभालने की कोशिश की और सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन उनके मुंह से खून आने लगा. परिजनों ने तुरंत ब्लड प्रेशर चेक किया, पर कोई रीडिंग नहीं मिली. इसके बाद उन्हें तत्काल फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया.
पूर्णिया रेफर करने के बाद रास्ते में थमी सांसें
फलका पीएचसी में डॉ. पवन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत पूर्णिया ले जाकर ईसीजी (ECG) कराने की सलाह दी. परिजन उन्हें लेकर पूर्णिया पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर उनकी नब्ज और ईसीजी में कोई हलचल नहीं मिली. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
न कोई पुरानी बीमारी, न पहले से कोई चेतावनी
श्रवण कुमार के अनुसार, पवन खुद बीएचएमएस (BHMS) डॉक्टर थे और उन्हें पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी. परिवार को भी उनकी सेहत को लेकर कभी कोई आशंका नहीं हुई थी. शुरुआती तौर पर गंभीर कार्डियक अरेस्ट/अटैक को मौत की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी.
24 घंटे में खुशियों से सन्नाटे तक का सफर
25 नवंबर को जिस घर में नई दुल्हन के आने का जश्न था, 26 नवंबर की रात वहीं सबकुछ खत्म हो गया. जिस स्टेज पर कुछ देर पहले तक मुस्कुराते हुए तस्वीरें ली जा रही थीं, वहीं हुए हादसे ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है. नई जिंदगी की दहलीज पर कदम रखते ही दुल्हन के उजड़े सुहाग और परिजनों के आंसुओं ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.
