Mp news: रीवा में जाम का महासंकट: काफिला फंसा तो गाड़ी से उतरकर पैदल चले डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, बेलगाम यातायात और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

0
20261124_211321
Spread the love

Mp news: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के गृह नगर रीवा की बदहाल यातायात व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। शहर की व्यस्ततम सड़क पर लगे भीषण जाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खुद उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल जाम में फंसने के बाद अपने सरकारी वाहन से उतरकर पैदल चलते हुए नजर आ रहे हैं। वीवीआईपी मूवमेंट के बावजूद सड़क पर लगे इस जाम ने न केवल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के दावों की हवा निकाल दी है, बल्कि चौराहों और मुख्य मार्गों से नदारद रहने वाली ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर भी तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।

गाड़ियों की लंबी कतार में थमा काफिला

वायरल वीडियो में साफ साफ देखा जा सकता है कि शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में चारपहिया वाहनों, दोपहिया और ई-रिक्शा की भारी भीड़ के कारण सड़क पूरी तरह से जाम हो गई है। जाम इतना भीषण था कि उपमुख्यमंत्री के काफिले के वाहनों के पहिए भी थम गए।

See also  Mp news: पुलिस लाइन में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया शस्त्र पूजन असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है विजयादशमी पर्व - उप मुख्यमंत्री

पैदल चलने को मजबूर हुए उपमुख्यमंत्री: काफी देर तक जाम खुलने के आसार न देख डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल अपनी गाड़ी से बाहर निकले और जाम के बीच से ही पैदल आगे बढ़ने लगे। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी और समर्थक भी उनके साथ पैदल चलते दिखाई दिए।

सड़क पर अव्यवस्था का आलम

वीडियो में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की रेलमपेल साफ दिख रही है, लेकिन इस पूरी अव्यवस्था को संभालने के लिए मौके पर ट्रैफिक पुलिस का कोई जवान नजर नहीं आ रहा है।

“जब डिप्टी सीएम ही सुरक्षित नहीं जाम से, तो आम जनता का क्या होगा

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रशासन और यातायात पुलिस पर तंज कसते हुए नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में चौतरफा जाम अब रोज़ की नियति बन चुका है, जबकि ट्रैफिक पुलिस के जवान मुख्य पॉइंट्स से गायब रहते हैं।

See also  Rewa news: जर्जर पुलिया की सड़क धंसी, बालू लदा हाइवा ट्रक फंसा, बड़ा हादसा टला

शहरवासियों के बीच अब यही बड़ा सवाल गूंज रहा है कि जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का काफिला ही अपने गृह नगर में जाम के चक्रव्यूह में फंस जाए और उन्हें पैदल चलना पड़े, तो रोज़ाना दफ्तर, स्कूल, अस्पताल और बाजार जाने वाले आम नागरिकों को किस कदर मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ता होगा।

प्रशासन के दावों की खुली पोल

गौरतलब है कि रीवा शहर में यातायात को सुगम बनाने और अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन द्वारा समय-समय पर बड़े-बड़े दावे किए जाते रहे हैं। लेकिन इस ताजा घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया है कि जमीनी स्तर पर यातायात प्रबंधन पूरी तरह चरमराया हुआ है। अब देखना यह होगा कि खुद उपमुख्यमंत्री के जाम में फंसने के बाद रीवा की ट्रैफिक पुलिस की नींद टूटती है या शहर की सड़कें यूं ही जाम से जूझती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Letest post