Rewa news: धरना-प्रदर्शन व जुलूस पर प्रतिबंध को लेकर रीवा में सियासत गरमाई, आदेश वापस लेने की मांग कांग्रेस नेता बन्ना का करारा हमला

Rewa news: रीवा। आगामी त्योहारों और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा धरना-प्रदर्शन, जुलूस और धारा 144 से जुड़े प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जाने के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
प्रशासन के इस निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई है, साथ ही सरकार और प्रशासन पर जनआंदोलनों को दबाने के आरोप लगाए गए हैं।
प्रशासनिक आदेश पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता मऊगंज सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने कहा कि धरना और आंदोलन जनता की आवाज उठाने तथा हक की लड़ाई लड़ने का एक लोकतांत्रिक माध्यम है, जिसे महात्मा गांधी द्वारा दिया गया अस्त्र बताया गया। जनहित से जुड़े मुद्दों और आपात जरूरतों के समय सत्ता और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार हर नागरिक को है। कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों और लागू प्रतिबंधों के दौरान भी जनहित में कलेक्ट्रेट का घेराव करने, प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने और अस्पतालों तक पहुंचने का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया कि जनता की जरूरत पड़ने पर किसी भी समय आंदोलन से पीछे नहीं हटा जाएगा।
रीवा कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों को अनुचित बताते हुए बन्ना ने अपील कि प्रशासन बड़प्पन दिखाते हुए इस आदेश को वापस ले, क्योंकि ऐसे प्रतिबंधों से जनआंदोलनों को नहीं रोका जा सकता। इस दौरान दिल्ली और भोपाल में हुए आंदोलनों व प्रशासनिक सख्ती का जिक्र करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा गया।, राजौही क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के कार्यक्रम को लेकर पहले अनुमति में आई अड़चनों का उल्लेख करते हुए कहा कि बाद में प्रशासन को अनुमति देनी पड़ी और कार्यक्रम वहीं संपन्न हुआ। वहीं, रजौही प्लांट से जुड़े घटनाक्रम और आगामी समय में बड़े नेताओं के संभावित दौरों का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया कि आंदोलनों से पहले ही व्यवस्था बिगड़ने और धारा 144 की भूमिका तैयार की जाती है, लेकिन जनता जागरूक है और किसी भी प्रतिबंध से जनआंदोलन रुकने वाले नहीं हैं।
