रीवा ब्रेकिंग: ट्यूशन से लौटते वक्त सिलपरा नहर में बड़ा हादसा, भाई को बचाने उतरे जुड़वा भाई नहर में समाया मचा कोहराम

रीवा ब्रेकिंग: बचाने की जिद में जुड़वा भाई बहे! सिलपरा नहर में एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी भाई को बचाने दूसरा भाई नहर में कूदा लगा दी जान कि बाजी, बीते देर शाम की घटना
रीवा :जिले से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। ट्यूशन पढ़कर दोस्तों के साथ घूमने और फोटोग्राफी करने निकले 17 वर्षीय जुड़वा भाई अंशु और प्रांशु सिलपरा नहर के तेज बहाव में समा गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओड़की गांव के रहने वाले और वर्तमान में पीटीएस चौक के पास निवासरत 17 वर्षीय जुड़वा भाई अंशु और प्रांशु अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ ट्यूशन पढ़ने के बाद शाम करीब 5:00 बजे सिलपरा नहर के पास घूमने गए थे।
सभी दोस्त नहर किनारे खड़े होकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान, एक दोस्त की पैंट नहर के पानी में फेंकने की मस्ती के बीच अंशु का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में जा गिरा। भाई को बचाने के लिए उसका जुड़वा भाई प्रांशु और एक अन्य साथी भी तुरंत नहर में कूद पड़े।
हालाँकि दूसरा साथी तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन नहर के तेज बहाव के आगे दोनों जुड़वा भाई बेबस हो गए और देखते ही देखते पानी में ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। मौके पर मौजूद बिछिया थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अंकिता मिश्रा ने बताया कि रात अधिक हो जाने और अंधेरा छा जाने के कारण सर्च ऑपरेशन में बाधा आई, जिसके चलते रात में रेस्क्यू रोकना पड़ा। प्रशासन द्वारा आज सुबह से एक बार फिर से रेस्क्यू अभियान को तेज कर दिया गया है ताकि दोनों भाइयों की तलाश की जा सके।
एक ही कोख से एक साथ जन्म लेने वाले दोनों जुड़वा भाइयों के इस तरह अचानक नहर में बह जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक माँ के दोनों जिगर के टुकड़े लापता हैं और पूरा परिवार नहर के तट पर अपलक निगाहें बिछाए अपनों की सलामती की उम्मीद लगाए बैठा है। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।
