Madhyapradesh : रीवा में प्रसूता की मौत और मीडिया बैन पर केंद्र सख्त, स्वास्थ्य मंत्रालय ने एमपी शासन से मांगी रिपोर्ट

Madhyapradesh : रीवा। संजय गांधी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत और अस्पताल परिसर में मीडिया कवरेज पर लगाए गए कथित अघोषित प्रतिबंध का मामला अब दिल्ली तक पहुंच गया है। इस गंभीर प्रकरण पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए मध्य प्रदेश शासन से जवाब-तलब किया है।
केंद्रीय मंत्रालय के अधीन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने मामले से जुड़ी शिकायत पर संज्ञान लिया है।
महानिदेशालय ने मध्य प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र जारी कर पूरे घटनाक्रम की त्वरित जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
आइये जानते है क्या था पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीवा जिले के गुढ़ निवासी 27 वर्षीय रचना रजक को प्रसव पीड़ा के बाद गांधी स्मारक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। सामान्य प्रसव होने के बाद चिकित्सकों ने परिजनों को प्रसूता की बच्चेदानी में गंभीर संक्रमण फैलने की जानकारी दी और जान बचाने के लिए तत्काल ऑपरेशन करने की सलाह दी।
परिजनों की सहमति मिलने के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बच्चेदानी तो निकाल दी, लेकिन इसके बाद प्रसूता को अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। तमाम प्रयासों के बावजूद रक्तस्राव नहीं रुक सका और 11 अक्टूबर 2026 को रचना ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। हालांकि, इस घटना में नवजात शिशु पूरी तरह सुरक्षित है।
मीडिया प्रतिबंध पर भी उठे सवाल
प्रसूता की मौत के बाद परिजनों के आक्रोश और चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों के बीच अस्पताल प्रबंधन द्वारा मीडिया के प्रवेश और कवरेज पर कथित रूप से अघोषित रोक लगा दी गई थी। इस कदम की चौतरफा आलोचना हुई थी, जिसके बाद मामला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संज्ञान में लाया गया। अब केंद्र के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय स्वास्थ्य महकमे और अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। पूर्व में कल्पना और उसके नवजात बच्चे की भी उपचार के दौरान मौत हुई थी।
