Crime : Sex की भूख माँ का कत्ल, प्रेमी के साथ मिलकर बेटी ने रची खौफनाक साजिश, शादी में रोड़ा बनी मां को ईंट से कुचलकर उतारा मौत के घाट

Crime: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस मां ने अपनी कोख से जन्म देकर बेटी के सुनहरे भविष्य के सपने बुने थे, उसी कलयुगी बेटी ने अपने इश्क की राह में कांटा बन रही मां को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला कर लिया। कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव में 50 वर्षीय महिला की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतका की छोटी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमी कोई और नहीं, बल्कि मृतका की बड़ी बेटी का देवर निकला।
शादी की जिद और मां का विरोध बना कत्ल की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि रसूलपुर गिरसा गांव निवासी 50 वर्षीय राजमति की सबसे छोटी बेटी शैलजा देवी उर्फ विद्या का अपनी बड़ी बहन के देवर दिलीप कुमार सरोज के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमति को यह रिश्ता कतई मंजूर नहीं था। मां के लगातार विरोध से बौखलाई शैलजा ने अपने प्रेमी दिलीप के साथ मिलकर मां की हत्या का ब्लूप्रिंट तैयार किया। दोनों बस एक ऐसे मौके की तलाश में थे, जब घर में राजमति बिल्कुल अकेली हों।
मेले में गया परिवार, घर में अकेली मां पर बोला हमला
20 नवंबर की शाम शैलजा को वह मौका मिल गया, जिसकी उसे तलाश थी। परिवार के सभी सदस्य गांव में लगे मेले को देखने गए हुए थे और घर पर केवल राजमति मौजूद थीं। शैलजा ने तुरंत फोन कर दिलीप को इसकी सूचना दी। मौका पाकर दिलीप चुपचाप घर में दाखिल हुआ और अकेली बैठी राजमति के सिर पर ईंट के टुकड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण राजमति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सबूत मिटाकर मेले में जा पहुंचा शातिर प्रेमी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दिलीप ने बेहद शातिराना अंदाज में सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने हत्या में प्रयुक्त ईंट को पास के तालाब किनारे फेंक दिया और अपने खून से सने कपड़ों व जूतों को साफ किया। किसी को उस पर शक न हो, इसलिए वह खुद भी सामान्य तरीके से मेले में जाकर भीड़ का हिस्सा बन गया।
सर्विलांस और पुलिस की तीन टीमों ने खोला राज
20 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे जब घर में राजमति का रक्तरंजित शव मिला, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने मामले के पर्दाफाश के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस की सुई बेटी और उसके प्रेमी पर जाकर टिक गई।
दोनों आरोपी सलाखों के पीछे
कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस मामले में एडिशनल एसपी अमिता सिंह ने बताया कि महिला की सिर कूचकर निर्मम हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा, खून से सने कपड़े, जूते और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पारिवारिक असहमति का इस तरह खूनी अंजाम तक पहुंचना समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
