रीवा: यूकेएस पैलेस में सगाई समारोह के बाद बकाये भुगतान को लेकर खूनी संघर्ष,

रीवा: यूकेएस पैलेस में सगाई समारोह के बाद बकाये भुगतान को लेकर खूनी संघर्ष, राजनीतिक दबाव के आरोपों के बीच 20 घंटे बाद दर्ज हुई एफआईआर
रीवा: शहर के सामान थाना क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित यूकेएस पैलेस में एक सगाई समारोह के बाद भोजन के बकाये भुगतान को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। समारोह संपन्न होने के बाद भुगतान और अतिरिक्त प्लेटों के हिसाब को लेकर हुई मारपीट में पैलेस मैनेजर और कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, क्योंकि तमाम साक्ष्यों और घायलों के मौजूद होने के बावजूद कथित राजनीतिक दबाव के चलते एफआईआर दर्ज करने में करीब 20 से 24 घंटे की लंबी देरी की गई।
भुगतान के विवाद से शुरू हुआ था बवंडर
पैलेस मैनेजर अमित कुमार दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि मुरारी सोनी परिवार का सगाई समारोह यूकेएस पैलेस में आयोजित किया गया था। रात करीब 2 बजे जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बकाये बिल और खाने की अतिरिक्त प्लेटों के पैसों का हिसाब किया जा रहा था, तभी दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
प्रबंधन का आरोप है कि भुगतान करने से इंकार करते हुए रसूख का हवाला दिया गया और देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि पैलेस स्टाफ के साथ बेल्ट और अन्य चीजों से जमकर मारपीट की गई। इस हमले में पैलेस के मैनेजर और कर्मचारियों के सिर तथा शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तमाम दृश्य परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गए हैं।
पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल
घंटों थाने में भटकते रहे पीड़ित
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि समारोह आयोजित करने वाले परिवार से जुड़े एक व्यक्ति के राजनीतिक प्रभाव के कारण स्थानीय समान थाना पुलिस ने एकतरफा रुख अपनाया। आरोप है कि दूसरे पक्ष की शिकायत पर तो तत्काल कार्रवाई कर दी गई, लेकिन मेडिकल परीक्षण कराकर थाने पहुंचे घायल मैनेजर और कर्मचारियों को घंटों बैठाए रखा गया और तुरंत मामला दर्ज नहीं किया गया।
हंगामे और भारी दबाव के बाद आखिरकार घटना के लगभग 20-24 घंटे बीत जाने पर पुलिस ने पैलेस मैनेजर की शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज की।
पुलिस के सामने निष्पक्ष जांच की बड़ी चुनौती
घटना के बाद से ही शहर में यह चर्चा जोरों पर है कि जब सीसीटीवी फुटेज और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट स्पष्ट रूप से मौजूद थी, तो पुलिस को एफआईआर दर्ज करने में इतना लंबा वक्त क्यों लगा? बहरहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अब देखना यह होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इस देरी पर क्या संज्ञान लेते हैं तथा पुलिस निष्पक्ष रूप से साक्ष्यों के आधार पर क्या कार्रवाई करती है।
