Rewa : थाना प्रभारी के ड्राइवर पर मवेशी तस्करी का सनसनीखेज आरोप, यूपी बॉर्डर तक चल रहा भैंस चोरी का काला खेल;आईजी से शिकायत

Rewa: मध्यप्रदेश : रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र से पुलिस महकमे को हिला देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। क्षेत्र में लगातार हो रही भैंस चोरी से त्रस्त पीड़ित ग्रामीणों ने सीधे तौर पर जवा थाने के थाना प्रभारी के चालक पर ही पशु तस्करी का सरगना होने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खाकी की आड़ में थाने का ड्राइवर ही यूपी बॉर्डर के तस्करों से मिलकर रातों-रात मवेशियों की अवैध बिक्री करवा रहा है। इस काली करतूत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक को लिखित शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
थाने का ड्राइवर ही करवा रहा है भैंसों की तस्करी
पीड़ित ग्रामीण उमेश कुमार तिवारी, सुरेंद्र प्रसाद ओझा, सुधा शंकर चतुर्वेदी, ज्ञानानंद विश्वकर्मा, बैजनाथ प्रजापति, संगम लाल रजक और काशी प्रसाद रजक आईजी कार्यलय पहुँच कर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि जवा थाने में वाहन चलाने वाला ड्राइवर दुआरानाथ सोनकर ही इस पूरी पशु तस्करी का मुख्य सरगना है। ग्रामीणों का आरोप है कि ड्राइवर अपने जाति-बिरादरी के यूपी के तस्करों के साथ मिलकर क्षेत्र से चुराई गई बेशकीमती भैंसों को वाहनों में लोड करवाकर उत्तर प्रदेश की सीमा में खपा रहा है।
अकेले एक पीड़ित परिवार की पिछले कुछ समय में करीब 17 भैंसें चोरी हो चुकी हैं, जिससे किसान और पशुपालक आर्थिक रूप से पूरी तरह बर्बाद होने की कगार पर पहुंच चुके हैं।
पकड़ में आए आरोपी, फिर भी पुलिस कर रही लीपापोती
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि एक चोरी के मामले में जब गब्बर नामक आरोपी पकड़ा गया और उसने थाने के भीतर अन्य सहयोगियों रहीस सोनकर, इंद्रलाल सोनकर, शिवनारायण सोनकर, नागेंद्र सोनकर, हीरालाल सोनकर के नाम उगले तथा हंगामा भी किया, तब भी स्थानीय पुलिस ने गहरी नींद से जागना मुनासिब नहीं समझा। नामजद और कुख्यात चोरों के नाम सामने आने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कानूनी कार्रवाई न किया जाना, खाकी और अपराधियों के बीच गहरी साठगांठ की पोल खोल रहा है।