दबंगों की मारपीट से युवक का हाथ टूटा, अस्पताल में भर्ती सेमरिया थाना में FIR
रीवा थाना सेमरिया अंतर्गत गढ़ी चौक की रहने वाली पीड़ित महिला तैबुन बेगम ने पुलिस अधीक्षक रीवा को आवेदन पत्र सौंपकर अपने बेटे के साथ हुई भीषण मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच और दबंग आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने घटना के बाद गंभीर धाराओं के बजाय मामूली धाराओं में केस दर्ज कर केवल खानापूर्ति कर ली, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
ढाबे से लौटते समय हुआ हमला
महिला ने बताया कि उनका पुत्र अमीर खान सेमरिया-बिरसिंहपुर रोड पर स्थित एक ढाबे में काम करता है। आरोप है कि बीते 24 सितंबर को संजीव गुप्ता, विवेक गुप्ता, आशीष गुप्ता, सोनू गुप्ता, मनोज समोसा वाला, किशन गुप्ता, शेरूख खान और गुड्डा खान सहित अन्य लोगों ने अमीर खान और उसके साथी जावेद खान के साथ बेरहमी से मारपीट की।
3 दिन अस्पताल में भर्ती रहा पीड़ित, हाथ में आए कई टांके
गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा में भर्ती कराया गया। मारपीट में अमीर खान का बायां हाथ टूट गया है तथा शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और टांके लगे हैं।
जान से मारने की मिल रही धमकी
पीड़िता तैबुन बेगम का कहना है कि पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई न किए जाने से आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उनके घर आकर गाली-गलौज कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने एसपी से आरोपियों पर कड़ा दंडात्मक मामला दर्ज करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है।