Rewa news: रीवा में रफ्तार का कहर ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, पति की मौके पर मौत, पत्नी की हालत गंभीर
Rewa news: रीवा। जिले के गुढ़ थाना अंतर्गत महासांव गांव के समीप सोमवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खजूहा निवासी जितेंद्र कोल सोमवार शाम करीब 7 बजे अपनी पत्नी के साथ महासांव बाजार से घरेलू सामान की खरीदारी कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि जितेंद्र सीधे ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी छिटककर दूर जा गिरीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए घायल महिला को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही परिजनों में मातम पसरा हुआ है।